मध्यप्रदेश सरकार ने सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में सरकार ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में एक आधुनिक स्काईवॉक बनाने की योजना तैयार की गई है, जिस पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग द्वारा प्रस्तावित यह स्काईवॉक इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल ट्रांजिट हब से लेकर रेलवे स्टेशन तक बनाया जाएगा। इसकी लंबाई लगभग 800 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर होगी। यह ऊंचा वॉकवे विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए सुरक्षित और आसान आवागमन सुनिश्चित करेगा। सिंहस्थ के सुचारू संचालन के लिए करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से मेला कार्यालय भी बनाया जाएगा। इसके अलावा क्राउड कंट्रोल, ट्रैफिक मैनेजमेंट और रोड सेफ्टी को बेहतर बनाने के लिए आईआईएम नागपुर के साथ लगभग 14 करोड़ रुपये का एमओयू किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- MP News: ग्लोबल स्किल पार्क होगा यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित, CM बोले-रोजगार से जोड़ने वाले कोर्स तैयार करें
ट्रैफिक का दबाव होगा कम
स्काईवॉक बनने से श्रद्धालुओं को भीड़भाड़ वाली सड़कों पर चलने की जरूरत कम होगी। इससे ट्रैफिक का दबाव घटेगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। एलिवेटेड वॉकवे के कारण वाहन और पैदल यात्री अलग-अलग रहेंगे, जिससे व्यवस्था बेहतर बनेगी। इसके अलावा, इसमें एस्केलेटर, लिफ्ट और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि सभी वर्ग के लोग आसानी से इसका उपयोग कर सकें।
ये भी पढ़ें- रायसेन में राष्ट्रीय ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ शनिवार से, शिवराज बोले-खाद्य सुरक्षा, किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस
AI से होगी रियल टाइम निगरानी
सिंहस्थ मेले में भीड़ प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जाएगा। इसके लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया जाएगा। यह केंद्र पूरे मेले की गतिविधियों पर रियल टाइम नजर रखेगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से यह पता लगाया जा सकेगा कि किस स्थान पर कितनी भीड़ है, जिससे उसी अनुसार व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन किया जा सकेगा। आपात स्थिति में पुलिस, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन टीमों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- MP Board Result: 10वीं-12वीं रिजल्ट 15 अप्रैल तक संभव, 5 साल से छात्राओं का दबदबा, इस बार भी ऐसे ही संकेत
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल एप हो रहा विकसित
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक मोबाइल ऐप भी विकसित किया जाएगा, जिसके जरिए रूट, पार्किंग, आवागमन और अन्य जरूरी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। साथ ही कचरा प्रबंधन, पानी की आपूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था पर भी डिजिटल निगरानी रखी जाएगी। साइबर सुरक्षा के जरिए सभी तकनीकी सिस्टम को सुरक्षित रखा जाएगा।
