नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में बन रही एलिवेटेड रोड परियोजना ने जहां भविष्य में ट्रैफिक से राहत की उम्मीद जगाई है, वहीं फिलहाल शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट के दूसरे चरण के तहत फूलबाग चौराहे से गुरुद्वारा तक का मार्ग एक माह के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। रविवार को लोगों को जानकारी के अभाव के कारण पहले ही दिन डायवर्ट किए गए रास्तों पर लंबा जाम लग गया। स्थिति संभालने के लिए ट्रैफिक डीएसपी और सिटी क्षेत्र के तीनों यातायात थाना प्रभारियों को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

आज लग सकता है लंबा ट्रैफिक जाम, बढ़ेगी वाहनों की संख्या

रविवार को अवकाश होने के कारण शहर के कई बाजार बंद रहे और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही रोजाना की अपेक्षा कम रही। लेकिन सोमवार को स्थिति बदल सकती है। स्कूल बसें, कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, दुकानदार और सवारी वाहन एक साथ सड़कों पर उतरेंगे। अधिकांश वाहन इन्हीं प्रमुख मार्गों से गुजरते हैं, जिससे ट्रैफिक का दबाव बढ़ना तय है। ऐसे में कई इलाकों में लंबा जाम लगने की आशंका है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहन चालकों को समय से पहले निकलने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी जा रही है।

पुलिस ने कई जगहों से हटवाया अतिक्रमण

शिंदे की छावनी से नौगजा रोड, मार्कंडेश्वर मंदिर के पीछे से अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई थीं। रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने वहां से अतिक्रमण हटवाया ताकि उस जगह से राहगीर आराम से निकल सके। इधर पड़ाव व नए पुल से आने वाले ट्रैफिक को मोतीमहल और चिड़ियाघर के सामने से डायवर्ट किया जा रहा है और हर पिन प्वाइंट पर पुलिसकर्मी तैनात किया गया है, जिससे ट्रैफिक सुचारू रूप से चल सके।

गाटर रखने का काम शुरू

एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट के इस चरण में फूलबाग चौराहे से गुरुद्वारा तक बने पिलर्स पर गाटर (गर्डर) रखने का काम किया जाना है। निर्माण एजेंसी ने कार्य में तेजी लाने के लिए प्रशासन से मार्ग बंद करने की मांग की थी। स्थानीय प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के साथ हुई चर्चा के बाद एक महीने तक मार्ग बंद रखने का निर्णय लिया गया। इस दौरान दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। निर्माण कार्य तेज गति से पूरा करने के लिए भारी मशीनरी और क्रेन तैनात की जाएंगी, जिसके चलते आम यातायात को यहां से गुजरने की अनुमति नहीं होगी।

डायवर्जन पर बढ़ा दबाव

मार्ग बंद होने के साथ ही ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया गया है। शिंदे की छावनी से फूलबाग की ओर जाने वाले वाहनों को नौगजा रोड की ओर मोड़ा गया है। वहीं, स्टेशन की ओर से आने वाले ट्रैफिक को जलविहार के सामने से नदी गेट की ओर डायवर्ट किया गया है। हालांकि पहले ही दिन इन मार्गों पर अचानक बढ़े वाहनों के दबाव ने स्थिति बिगाड़ दी। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ा।

एलिवेटेड रोड बनने से मिलेगी राहत

ग्वालियर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए एलिवेटेड रोड परियोजना को शहर के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद शहर के मुख्य मार्गों पर जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन तब तक शहरवासियों, पर्यटकों और व्यापारियों को असुविधा झेलनी ही पड़ेगी। खासकर फूलबाग और आसपास के बाजार क्षेत्र में व्यापार प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले हिस्सों में वाहन लेकर न निकलें

शुरुआती दिनों में लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए डायवर्जन बोर्ड, बैरिकेड्स और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हमारी नागरिकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से शहर के भीड़भाड़ वाले हिस्सों में वाहन लेकर न निकलें।

-अजीत सिंह चौहान, डीएसपी यातायात विभाग

यह भी पढ़ें- ग्वालियर-चंबल में ‘नेता पुत्रों’ की बड़ी फौज, पिता की विरासत संभालने को बेताब अगली पीढ़ी, संगठन की हरी झंडी का इंतजार



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed