ग्वालियर के सिरोल स्थित ईस्ट मैरिडियन हाउसिंग सोसायटी में नवविवाहिता की आत्महत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सात फेरों में मिले धोखे ने …और पढ़ें
.webp)
HighLights
- पहले से शादीशुदा निकला पति, सदमे में पत्नी ने दी जान
- सुसाइड से पहले बनाया वीडियो, पति को बताया मौत का जिम्मेदार
- परिजनों को डराकर कोरे कागज पर साइन कराने का भी आरोप
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के सिरोल स्थित ईस्ट मैरिडियन हाउसिंग सोसायटी में नवविवाहिता की आत्महत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सात फेरों में मिले धोखे ने महिला को अपनी जान देने पर मजबूर कर दिया। जिस युवक के साथ वृंदावन के मंदिर में करीब छह माह पहले शादी रचाई, वह फरेबी निकला। वह पहले से शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता भी था। जब पति का यह फरेब महिला को पता लगा तो वह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी और जिस फ्लैट में पति के साथ रह रही थी, उसी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसने पति का नाम लेकर उसे ही मौत का जिम्मेदार ठहराया है। अभी इस मामले में मर्ग कायम किया गया है।
वृंदावन के मंदिर में रचाई थी शादी… ससुराल पहुंचते ही खुला राज
वैष्णवी उर्फ प्राची भदौरिया की शादी करीब छह माह पहले शिंदे की छावनी निवासी सत्यनारायण उर्फ राजू भदौरिया से हुई थी। दोनों ने वृंदावन स्थित मंदिर में शादी की थी। इसके बाद शादी का शपथपत्र भी बनवाया था। दोनों सिरोल में ईस्ट मैरिडियन हाउसिंग सोसायटी स्थित फ्लैट में रहने लगे थे। प्राची के चाचा संजय सिंह चौहान ने बताया कि प्राची जब बीते रोज ससुराल में पहुंची तो वहां पता लगा कि राजू पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। इस बात पर विवाद हुआ। प्राची ने विरोध किया तो राजू व उसके स्वजन ने मारपीट भी की। फिर प्राची फ्लैट पर पहुंची और यहां फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पहले बनाया वीडियो… पति और ससुराल वालों को ठहराया जिम्मेदार
प्राची ने मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड भी किया। राजू द्वारा ही मायके वालों को प्राची द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना दी गई। जब वे वहां पहुंचे तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तुड़वाया और प्राची के शव को फंदे से उतारा। वीडियो के अंश कुछ इस प्रकार हैं – “मैं मरती हूं, या मुझे कुछ होता है तो इसके जिम्मेदार राजू भदौरिया और उसके स्वजन होंगे। मेरे पिता और भाई नहीं, इन लोगों ने उन्हें बुलाकर कोरे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए।”
डरा-धमकाकर कोरे कागज पर लिए हस्ताक्षर
संजय चौहान ने बताया कि प्राची ने जब अपने पिता और भाई को शादी में मिले धोखे के बारे में बताया तो उसने भाई और पिता को बुलाया। यहां उसके पिता और भाई को राजू व उसके परिवार ने डराया-धमकाया और कोरे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए। प्राची के स्वजन ने बताया कि राजू भदौरिया उम्र में करीब 15 साल बड़ा था। कुछ महीनों की पहचान के बाद ही उसने शादी का झांसा दिया। वृंदावन ले जाकर शादी का नाटक किया और खुद को कुंवारा बताता था। वह दिनभर गायब रहता था, तब प्राची को संदेह हुआ तो वह ससुराल पहुंची, जहां उसके पहले से शादीशुदा होने का पता चला।
