मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय यज्ञदत्त शर्मा की जयंती के अवसर पर रविवार को विधानसभा के सेंट्रल हॉल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि स्व. यज्ञदत्त शर्मा का जीवन सार्वजनिक सेवा और संसदीय परंपराओं के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्वों का स्मरण करना नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि विधानसभा में जन्मदिवस के अवसर पर पूर्व पदाधिकारियों को याद करने की परंपरा भी इसी भावना को मजबूत करती है।
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: आंधी-बारिश व ओलों से जनजीवन प्रभावित, इन 27 जिलों में अलर्ट; सड़कों पर बिछी दिखी सफेद चादर
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. शर्मा का व्यक्तित्व बहुआयामी था और उन्होंने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण परंपराओं की शुरुआत की। वे पेशे से एक कुशल अधिवक्ता थे और इंदौर से चार बार विधायक निर्वाचित हुए। विधानसभा अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल अनुकरणीय रहा और उन्होंने सदन की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
ये भी पढ़ें- भोपाल का न्यू मार्केट बनेगा आइडियल बिजनेस जोन: पार्किंग, अतिक्रमण और सौंदर्यकरण पर बड़ा एक्शन प्लान तैयार
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्व. यज्ञदत्त शर्मा के जीवन, कार्यशैली और उपलब्धियों को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। विधानसभा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के प्रमुख जनप्रतिनिधि, अधिकारी और परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधायक भगवान दास सबनानी, प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा के साथ स्व. शर्मा की धर्मपत्नी निर्मला शर्मा एवं अन्य परिजन मौजूद रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
