भोपाल। मध्यप्रदेश की विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ ने शून्य घोषित कर दिया है। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि नामांकन के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे में पूरी जानकारी नहीं दी गई थी, जिसके आधार पर यह निर्णय लिया गया। फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का ऐलान किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि कानूनी पहलुओं पर वकीलों से राय-मशवरा करने के बाद जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की जाएगी।
उमंग सिंघार बोले-जनता का जनादेश हमारे साथ
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अदालत के फैसले का सम्मान करती है। हालांकि उन्होंने कहा कि कानूनी सलाह लेने के बाद इस निर्णय के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की जाएगी। सिंघार ने कहा कि विजयपुर की जनता ने कांग्रेस पार्टी को अपना जनादेश दिया है और जनता आज भी पार्टी के साथ खड़ी है। उन्हें उम्मीद है कि सर्वोच्च न्यायालय से न्याय मिलेगा और सच्चाई सामने आएगी।
जीतू पटवारी ने भाजपा पर साधा निशाना
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वीडियो जारी कर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस के एक आदिवासी विधायक को पदमुक्त करवाकर हारे हुए प्रत्याशी को फिर से विधायक घोषित करवाने का काम किया है। पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा को यह स्वीकार नहीं है कि कोई आदिवासी नेता सामान्य सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार दलित और आदिवासी नेतृत्व को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से इस फैसले के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी और सुप्रीम कोर्ट में अपील कर न्याय हासिल करने का प्रयास करेगी।
यह भी पढ़ें-मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, दिग्विजय सिंह पहुंचे चुनाव आयोग, एक घर में 37 नाम होने की शिकायत
कानूनी लड़ाई की तैयारी
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी के वरिष्ठ वकील पूरे मामले का अध्ययन कर रहे हैं। सभी कानूनी पहलुओं पर विचार करने के बाद सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की जाएगी। पार्टी को उम्मीद है कि न्यायालय में मामले की सुनवाई के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
