ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी विधवा प्रेमिका को गोली मार दी। आरोपी युवक का रिश्ता किसी और युवती से तय हो गया था, जिसका मह …और पढ़ें

HighLights
- युवक ने घर में घुसकर विधवा प्रेमिका को मारी गोली
- इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग
- युवक का दूसरी युवती से शादी का विरोध कर रही थी
नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। शहर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोवर्धन कालोनी में सिरफिरे युवक ने अपनी विधवा प्रेमिका को घर में घुसकर गोली मार दी। युवक की शादी दूसरी युवती से तय हो गई थी, जबकि प्रेमिका इसमें रोड़ा बन रही थी।
प्रेमिका का कहना था- वह उससे शादी करे। इसी बात पर दोनों के बीच मुंहवाद हुआ। युवक ने महिला की मारपीट भी की। इसके बाद कट्टे से गोली चला दी। महिला के कंधे में गोली लगी है। इसके बाद महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी आ गए। इन्होंने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ भी लिया। फिर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घायल महिला को जयारोग्य अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
गोवर्धन कालोनी में 22 वर्षीय महिला अपनी बहन और तीन वर्षीय बेटी के साथ रहती है। महिला और बहन के पति का निधन हो चुका है। महिला की दोस्ती माेनू उर्फ अज्जू जोशी से हुई। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। मोनू अक्सर महिला के घर आता था। पिछले दिनों मोनू की शादी दूसरी युवती से तय हो गई। इसका विरोध महिला कर रही थी। जिसके चलते मोनू और उसके बीच विवाद होता था।
सोमवार को जब महिला की बहन ड्यूटी पर गई थी तो महिला से मिलने मोनू आ गया। दोनों करीब ढाई घंटे तक घर के अंदर एक कमरे में रहे। इसी दौरान दोनों में विवाद हुआ। मोनू ने गोली चला दी। उसके कंधे में गोली लगी और वह जख्मी हालत में ही दौड़ती हुई बाहर आई। उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोग यहां आ गए।
मोनू गोली मारकर भाग रहा था। लोगों ने घेरकर पकड़ लिया। उसे जमकर पीटा और पुलिस को सूचना दे दी। महिला को अस्पताल ले जाया गया। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर हत्या के प्रयास की एफआईआर की है। कट्टा जब्त कर लिया है।
ढाई घंटे तक दोनों में झगड़ा, फिर बोला- तेरा खेल खत्म कर देता हूं
पीड़िता ने बताया कि जब मोनू आया तो उसने अपनी बेटी और बहन के बेटे को एक कमरे में भेज दिया। दोनों दूसरे कमरे में थे। वह और मोनू अलग कमरे में थे। यहां शादी करने की बात पर ही करीब ढाई घंटे तक झगड़ा होता रहा। फिर मोनू ने कट्टा निकाला और कहा कि ले तेरा खेल खत्म कर देता हूं। इसके बाद गोली मार दी।
यह भी पढ़ें- ‘मंत्री होकर विपक्ष जैसा आचरण न करें’, CM मोहन यादव ने अपने ही सरकार के इस मिनिस्ट को लगाई फटकार
पहले शादी का झांसा, फिर दूसरी युवती से जोड़ा रिश्ता
पीड़िता ने बताया कि पति के मरने के बाद वह बहन के घर रहने लगी थी। इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती मोनू से हुई थी। पहले शादी का झांसा देकर प्यार का इजजार किया। फिर दूसरी युवती से रिश्ता जोड़ लिया।
गोला का मंदिर में महिला को उसके प्रेमी ने ही गोली मारी है। आरोपी को भी पकड़ लिया गया है। अभी महिला की हालत खतरे से बाहर है।
-अनु बेनीवाल,एएसपी
