नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अचलेश्वर मंदिर से करीब 100 मीटर दूर थीम रोड के मोड़ पर सरेराह लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लुटेरे एक्टिवा पर सवार होकर आए थे। यहां राजस्थान का हवाला एजेंट बैग में रुपये लेकर खड़ा था।

बदमाशों ने आते ही एजेंट को यह कहकर पीटना शुरू कर दिया कि वह लड़की छेड़ता है। इसके बाद रुपयों से भरा बैग लूटकर भाग गए। इस घटना के बाद शहर में नाकाबंदी की गई, लेकिन पुलिस बदमाशों तक पहुंचने में फिलहाल नाकाम रही। खबर लिखे जाने तक पुलिस इसकी तस्दीक में जुटी थी।

घटना का विवरण और वासुदेव की आपबीती

राजस्थान के चुरू का रहने वाला 20 वर्षीय वासुदेव शर्मा पुत्र शुभकरण शर्मा ग्वालियर के सिटी सेंटर इलाके में किराये से कमरा लेकर रहता है। वह रुपयों से भरा बैग लेकर खड़ा था।

शाम करीब छह बजे काले रंग की एक्टिवा पर सवार होकर दो बदमाश आए और लूटकर भाग गए। वासुदेव के साथ पहले मारपीट भी की। वह घबरा गया और इसी दौरान उसका बैग लूट लिया।

बयानों में विरोधाभास: प्लायवुड मार्केटिंग से हवाला तक की कहानी

जब वासुदेव से पूछा कि उसके पास इतनी रकम कहां से आई तो वह बोला- संदीप शर्मा बीकानेर का रहने वाला है। वह उसका जीजा है। जीजा के साथ प्लायवुड कंपनी की आनलाइन मार्केटिंग का काम करता है। जीजा ने ही कहा था- कोई व्यक्ति रुपये लेकर आएगा और यह रुपये दूसरा व्यक्ति ले जाएगा।

जब कंपनी का नाम पूछा तो वह बता नहीं पाया। संदीप के बारे में पूछताछ की तो पता लगा वह रिश्ते में जीजा भी नहीं है, बल्कि हवाला कारोबार से जुड़ा है। पर्ची पर लाखों का लेनदेन होता है। रात में यह कहानी खुली तो फरियादी भी घबरा गया।

थार से आए युवकों ने सौंपी थी रकम

फरियादी ने बताया कि वह दोपहर तीन बजे इंदरगंज चौराहा पर आ गया था। यहां उसे संदीप ने ही भेजा था। थार गाड़ी से दो युवक आए, यह 3.50 लाख रुपये दे गए। इसके बाद यही युवक आधा घंटे बाद आए और 1.50 लाख रुपये और दे गए।

इस तरह उस पर पांच लाख रुपये हो गए। जिसे रुपये देना था, उसका इंतजार वह एमएलबी कालेज की ओपन जिम में बैठकर कर रहा था। इसी दौरान जब जिम से बाहर निकलकर मसाला लैब के सामने आया तो लूट हो गई।

रकम को लेकर पशोपेश और पुलिस की जांच

इस मामले में लूटी गई रकम को लेकर भी पशोपेश की स्थिति बनी है। जेब में 40 हजार रुपये भी मिल गए। फिर वह बोलने लगा कि दो लाख रुपये किसी को दे दिए थे। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि युवक द्वारा लूट की कहानी बताई गई है। यह हवाला कारोबार से जुड़ा मामला है।

सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं। जल्द ही राजफाश कर दिया जाएगा। अचलेश्वर चौराहा के पास लूट की घटना के बाद फरियादी वासुदेव शर्मा से पूछताछ करते पुलिस अधिकारी।

महिला का मंगलसूत्र लूट ले गए बाइक सवार बदमाश

तानसेन रोड पर सरेराह वारदात

हजीरा स्थित तानसेन रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने महिला का मंगलसूत्र लूट लिया। यह घटना मंगलवार शाम की है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर ली है। लुटेरों का पता नहीं लग सका है। हजीरा के रेशम मिल इलाके की रहने वालीं सीमा पत्नी छिदामीलाल कनौरिया पड़ाव स्थित होंडा शोरूम में काम करती हैं।

ड्यूटी से लौटते समय हुआ हमला

वह शाम को ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थीं। जैसे ही तानसेन रोड पर स्टेट बैंक के पास पहुंचीं तो बाइक पर सवार होकर आए दो लुटेरों ने झपट्टा मारा और मंगलसूत्र लूट ले गए। उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक लुटेरे भाग चुके थे। हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देख रहे हैं। एक जगह पर लुटेरे दिखे हैं, लेकिन चेहरे स्पष्ट नहीं हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *