Gwalior News: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से महत्वपूर्ण फाइलें और अन्य दस्तावेज चोरी होने के मामले में सात दिन में अब कहानी पलट गई ह …और पढ़ें

HighLights
- जांच पड़ताल में सीएमएचओ कार्यालय के सुर बदल गए
- घटना की शिकायत लिखित में थाटीपुर थाने में की गई थी
- अब लिखकर दिया है कि सिर्फ कबाड़ का सामान गया है
नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से महत्वपूर्ण फाइलें और अन्य दस्तावेज चोरी होने के मामले में सात दिन में अब कहानी पलट गई है। सीएमएचओ कार्यालय में चोरी की शिकायत पर जब पुलिस ने खुद जाकर जांच पड़ताल की तो सात दिन में सीएमएचओ कार्यालय के सुर बदल गए।
अब सीएमएचओ कार्यालय के स्टाफ का कहना है कि उनके कार्यालय से कुछ खास चोरी नहीं हुआ है। कोई फाइल या दस्तावेज नहीं गया है। सिर्फ कबाड़ का सामान चोर ले गए हैं।
टीआइ को यह लिखित में दिया गया है
थाटीपुर थाना टीआइ को यह लिखित में दिया गया है और पुलिस ने यह स्पष्ट तौर पर मांगा भी था। हकीकत में अब इस मामले में कहानी और उलझ गई है। पुलिस भी खुद विभाग के रवैये से हैरत में है। बता दें कि कुछ दिनों पहले सीएमएचओ कार्यालय में चोरी की घटना की शिकायत लिखित में थाटीपुर थाने में की गई थी।
थाटीपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की। पुलिस को जांच के दौरान कार्यालय की अंधत्व निवारण शाखा में कुर्सी पर जूते के निशान मिले, वहीं शाखा में रखी एक लकड़ी की अलमारी की कुंदी टूटी पाई गई।
इस कारण यह मामला अधिक चर्चा में है
मौके पर थाटीपुर थाना टीआइ विपेंद्र सिंह चौहान स्टाफ के साथ पहुंचे और कुष्ठ रोग व अंधत्व निवारण शाखा का मुआयना किया। बता दें कि अंधत्व निवारण को लेकर सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव के खिलाफ एक शिकायत की आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जांच कर रहा है।
इसी कारण यह मामला अधिक चर्चा में है। सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव से बात करने के लिए कई कॉल किए गए, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
लिखकर दिया है कि सिर्फ कबाड़ का सामान गया है
अज्ञात चोर कार्यालय परिसर में घुसे थे और चोरों ने सीएमएचओ कार्यालय से महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए, पहले यह आवेदन प्राप्त हुआ था। अब जब लिखित में मांगा गया कि क्या चोरी हुआ, तो लिखकर दिया गया है कि कोई दस्तावेज या फाइल चोरी नहीं हुई, सिर्फ कबाड़ का सामान गया है। कबाड़ चोरी करने कोई क्यों आएगा? – विपेंद्र सिंह चौहान, टीआइ, थाना थाटीपुर।
