नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। महाराष्ट्र के जलगांव, वर्धा, कल्याण सहित अन्य जिलों में लूट की सात वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरे को लेकर महाराष्ट्र पुलिस सोमवार को ग्वालियर पहुंची। लुटेरे ने लश्कर स्थित सराफा बाजार में रामा ज्वेलर्स पर 126 ग्राम सोना गिरवी रखा था।
संचालक से कहा था-मां को कैंसर है, इलाज के लिए रुपये चाहिए। सराफा कारोबारी ने सोना गिरवी रख लिया और उसे चार लाख रुपये दे दिए।
जब महाराष्ट्र पुलिस आरोपित के हाथ में हथकड़ी लगाकर दुकान पर पहुंची तो कारोबारी के होश उड़ गए। पुलिस ने सोने के गहने बरामद कर लिए हैं। इसकी कीमत करीब 19 लाख रुपये बताई जा रही है।
महाराष्ट्र के वर्धा की क्राइम ब्रांच ने जलगांव निवासी हसन अली को गिरफ्तार किया था। हसन अली ने पुलिस को बताया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर लूट की थी।
ट्रेन से ग्वालियर आया और यहां सराफा बाजार में एक बिचौलिये की मदद से रामा ज्वेलर्स पर संपर्क किया। रामा ज्वेलर्स के संचालक का नाम अमित खंडेलवाल और रामनारायण बताया गया है।
यहां मां को कैंसर बताकर सोना गिरवी रख दिया और रुपये ले लिए। क्राइम ब्रांच की टीम उसे लेकर ग्वालियर पहुंची। कोतवाली थाना पुलिस से संपर्क किया व साथ में रामा ज्वेलर्स पर पहुंची।
सराफा बाजार में महाराष्ट्र पुलिस की तीन गाड़ियां पहुंची तो कारोबारी के यहां छापे की खबर से हड़कंप मच गया। यहां संचालक से पूछा तो सामने आया कि सोना यहीं गिरवी रखा था।
संचालक को भी थाने ले जाया गया। इसके बाद अन्य सराफा कारोबारी भी कोतवाली थाने पहुंच गए। यहां महाराष्ट्र पुलिस ने उनके कथन लिए और मामले में गवाह बनाया।