मुरार में साउंड सिस्टम विवाद पर पड़ोसियों ने फायरिंग की। तीन लोग घायल हुए। पुलिस ने हत्या प्रयास का मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। …और पढ़ें

HighLights
- साउंड सिस्टम विवाद में पड़ोसियों ने घर के बाहर फायरिंग।
- संतोष पांडे समेत तीन लोगों को छर्रे लगने से घायल।
- रामनवमी कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के ड्राइवर संतोष पांडे पर मुरार स्थित घर के बाहर ही पड़ोसी व उसके बेटों-बेटी ने फायरिंग कर दी। माता के मंदिर पर साउंड सिस्टम बजाने पर आरोपी गुंडागर्दी कर रहे थे, जब रोका तो पूरे परिवार ने संतोष व उसके परिजन पर हमला कर दिया। कट्टे से गोलियां भी चलाईं।
इसमें संतोष पांडे, भाई आकाश पांडे और राजकुमार पांडे को गोली के छर्रे लगे, जिससे यह लोग घायल हो गए। एक के हाथ, एक के मुंह और एक के बाजू में छर्रा लगा है। पुलिस ने हत्या के प्रयास की एफआइआर दर्ज कर ली है। तीन आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये है पूरा मामला
- मुरार थाना क्षेत्र के अंतर्गत अल्पना टाकीज के पास संतोष पांडे रहते हैं। संतोष के बगल में ही रजक परिवार रहता है। संतोष के घर के सामने माता का मंदिर है। इसमें रामनवमी के अवसर पर प्रसादी वितरण का कार्यक्रम था। यहां साउंड सिस्टम भी चल रहा था। यहां पास ही में फायर ब्रिगेड भी खड़ी रहती है।
- सूरज रजक साउंड सिस्टम बंद कराने के लिए पहुंच गया। जब फायर ब्रिगेड के कर्मचारी अरविंद ने रोका तो उसके साथ मारपीट कर दी। तभी संतोष बीच में आ गया। फिर सूरज रजक, उसका भाई निर्मल उर्फ भूरा रजक, पिता मुन्ना उर्फ पप्पी रजक और बेटी रीना रजक आ गए। इन लोगों ने संतोष पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं कट्टे और बंदूक से गोली चलाईं। रीना ने भी फायर किया।
तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
साउंड सिस्टम बजाने पर गोलीबारी हुई थी। तीन लोगों को छर्रे लगे हैं। गोली किसी को नहीं लगी। इस मामले में एफआइआर दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। धर्मवीर सिंह, एसएसपी।
