राजधानी के रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गई। 31 मार्च की रात हुए इस हादसे का 14 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें युवक ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसकर बुरी तरह घिसटता नजर आ रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सेकंडों में हुआ खौफनाक हादसा
फुटेज में दिखता है कि युवक प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर ट्रेन के साथ दौड़ रहा था। अगले ही पल वह कोच के गेट से टकराया और देखते ही देखते ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। महज 5 सेकंड के भीतर वह 4-5 बार दोनों के बीच घूमता रहा और फिर ट्रेन के नीचे की ओर खिंचता चला गया।
भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस से हुआ हादसा
जीआरपी के मुताबिक, घटना रात करीब 11:31 बजे की है, जब 19304 भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस स्टेशन से गुजर रही थी। ट्रेन की रफ्तार करीब 40 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है, जिससे युवक को गंभीर चोटें आईं।
यह भी पढ़ें-लोधी केस की तरह क्या भारती मामले में भी पलटेगा फैसला? देररात सदस्यता खत्म होने पर उठे सवाल
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हादसे के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस की मदद से युवक को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। युवक के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला है। जेब में रखा मोबाइल फोन भी पूरी तरह टूट चुका है, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह करीब 25-26 साल का है और बिहार का रहने वाला हो सकता है।
यह भी पढ़ें-MP बोर्ड रिजल्ट की उलटी गिनती शुरू, 15 अप्रैल के पहले नतीजे संभव, 16 लाख छात्रों को इंतजार
एक हाथ टूटा, सिर में गंभीर चोट
घटना के चश्मदीद हल्के भाई लोधी ने बताया कि युवक का एक हाथ टूट गया है और सिर में गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई थी। जीआरपी एसपी राहुल लोढ़ा के अनुसार, शुरुआती जांच में किसी साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। मामला युवक की लापरवाही का लग रहा है। उसके होश में आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
