ग्वालियर-भिंड हाइवे स्थित बरेठा टोल प्लाजा पर सोमवार शाम 5.05 बजे बुलेट सवार बदमाशों ने पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। एक बदमाश बुलेट स्ट …और पढ़ें
.webp)
HighLights
- बरेठा टोल प्लाजा पर बुलेट सवार बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग
- पर्ची फेंककर दी धमकी, या तो हाइवे बनाओ या फिर टोल को हटाओ
- हाइवे की बदहाली और हादसों से आक्रोशित बदमाशों ने फैलाई दहशत
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर-भिंड हाइवे स्थित बरेठा टोल प्लाजा पर सोमवार शाम 5.05 बजे बुलेट सवार बदमाशों ने पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। एक बदमाश बुलेट स्टार्ट कर खड़ा रहा और दूसरा टोल प्लाजा के काउंटर पर पहुंचा और यहां कमर से पिस्टल निकालकर एक के बाद एक चार फायर ठोके। इसके बाद बदमाश भाग निकले। बदमाशों ने एक पर्ची भी काउंटर के अंदर फेंकी, जिस पर हाथ से लिखा था- “हाइवे बनाओ या टोल हटाओ।” आशंका है कि हमला करने वाले भिंड के हो सकते हैं, क्योंकि हाल ही में हाइवे पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर भिंड में धरना प्रदर्शन भी हुआ। लगातार भिंड व आसपास के रहने वाले युवक व अन्य लोग हाइवे न बनने को लेकर आक्रोशित हैं।
सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की कार्रवाई
बुलेट पर आगे-पीछे नंबर नहीं था। दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहना हुआ था और हेलमेट के अंदर भी मुंह पर कपड़ा था, जिससे इनकी पहचान न हो सके। शाम 5.05 बजे यह बदमाश भिंड की ओर से ही आए। इसके बाद बुलेट ग्वालियर की ओर टोल प्लाजा से करीब 100 मीटर आगे रोकी। इसके बाद पीछे बैठा बदमाश उतरकर टोल प्लाजा के काउंटर पर पहुंच गया। उसने सीधे कमर से पिस्टल निकालकर चार गोलियां चलाईं। काउंटर के अंदर बैठा कर्मचारी बाल-बाल बच गया। गोली चलाकर आरोपित भाग निकले। गोलीकांड से दहशत फैल गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। महाराजपुरा थाना पुलिस के साथ ही भिंड क्राइम ब्रांच भी तलाश में लगी है। महाराजपुरा थाना पुलिस की दो टीमें जुटी हैं; एक टीम कैमरे देख रही है, दूसरी टीम भिंड क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर आरोपितों की तलाश में लगी है। खबर लिखे जाने तक आरोपितों का कोई सुराग नहीं लगा।
पर्ची में खुली धमकी: “हाइवे बनाओ या टोल हटाओ”
पर्ची में लिखा है – “या तो हाइवे बनाओ या टोल हटाओ। आकाश भदौरिया जैसा अब कोई नहीं मरेगा। नेताओं को भले ही अपने फ्लैट बेचने पड़ें, इस हाइवे का काम अब चालू होना चाहिए। अगर कार्य चालू नहीं हुआ तो मैं इससे भी बड़ा कार्य करने को तैयार हूं। सरकार अंधी हो चुकी है। भिंड से ग्वालियर इस 80 किलोमीटर के इलाके में मौत के आंकड़े हद से पार हैं।”
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में डिजिटल अरेस्ट का खौफनाक खेल, वायुसेना के पूर्व अधिकारी से 24 दिन में ठगे 2.52 करोड़
