LPG Crisis: ग्वालियर में गैस किल्लत दूर करने के लिए सरकार ने 5 किलो का ‘छोटू’ सिलेंडर लॉन्च किया है। …और पढ़ें

HighLights
- 5 किलो सिलेंडर की रिफिल मात्र 645 रुपये
- पीएनजी गैस एलपीजी से 20% ज्यादा सस्ती
- ग्वालियर के 60% क्षेत्र में PNG सप्लाई शुरू
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। खाड़ी युद्ध के कारण उत्पन्न हुई एलपीजी आपूर्ति (LPG Crisis) की समस्याओं को देखते हुए केंद्र सरकार ने आमजन के हित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ग्वालियर जिला आपूर्ति अधिकारी अरविंद सिंह भदौरिया के अनुसार, बाजार में अब 5 किलोग्राम का “छोटू गैस सिलिंडर” (Chotu Gas Cylinder 5kg) उतारा गया है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी राहत मिलेगी।
बिना कनेक्शन मिलेगा ‘छोटू’ सिलेंडर
इस विशेष पहल की सबसे बड़ी खूबी यह है कि ‘छोटू’ सिलेंडर खरीदने के लिए अब किसी औपचारिक गैस कनेक्शन की आवश्यकता नहीं होगी। उपभोक्ता केवल अपना आधार कार्ड या कोई भी वैध पहचान पत्र दिखाकर इसे खरीद सकेंगे। यह सिलेंडर गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के अलावा पेट्रोल पंप, किराना स्टोर और बर्तनों की दुकानों पर भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगा।
कीमत और उपलब्धता
इंडेन के इस 5 किलो वाले भरे हुए सिलेंडर की कीमत 1642 रुपये निर्धारित की गई है, जिसे बाद में 645 रुपये में रिफिल कराया जा सकेगा। जहां इंडेन का सिलेंडर रिटेल दुकानों पर मिलेगा, वहीं भारत गैस के छोटू सिलेंडर के लिए अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर से संपर्क करना होगा।
पीएनजी: सस्ती और सुरक्षित विकल्प
सिलेंडरों पर निर्भरता कम करने के लिए ग्वालियर के 60 प्रतिशत हिस्से में PNF (पाइप्ड नेचुरल गैस) की लाइन बिछाई जा चुकी है। अवंतिका गैस लिमिटेड द्वारा इसकी सप्लाई की जा रही है। जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि पीएनजी, LPG की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत सस्ती है। इसके कनेक्शन के लिए इच्छुक नागरिक मोबाइल नंबर 6262001232 एवं 9009411100 पर संपर्क कर सकते हैं।
PNG के फायदे बनाम LPG
तुलनात्मक रूप से देखा जाए तो जहां14.2 किलो का एलपीजी सिलेंडर 996 रुपये का है, वहीं उतनी ही मात्रा की पीएनजी केवल 700 से 800 रुपये में उपलब्ध होती है। सुरक्षा के लिहाज से भी पीएनजी बेहतर है; हवा से हल्की होने के कारण रिसाव होने पर यह तुरंत वातावरण में घुल जाती है, जबकि एलपीजी जमा होकर खतरा पैदा करती है। साथ ही, पीएनजी पर्यावरण के अनुकूल है और कम प्रदूषण फैलाती है।
