ग्वालियर में कंटेनर की टक्कर से युवक की मौत, भाई घायल, गुस्साए परिजनों ने हाईवे जाम किया, पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया, चालक गिरफ्तार और वाहन जब्त किया …और पढ़ें

HighLights
- कंटेनर की टक्कर से युवक की मौके पर दर्दनाक मौत
- ममेरा भाई घायल, अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया
- गुस्साए स्वजनों ने भिंड हाईवे पर चक्का जाम किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। महाराजपुरा इलाके में कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि उसका ममेरा भाई घायल हो गया। इस घटना के बाद गुस्साए स्वजनों ने भिंड हाइवे पर जाम लगा दिया। करीब आधा घंटे तक जाम रहा। इसके बाद पुलिस ने समझाया तो शव लेकर रवाना हुए। पुलिस ने कंटेनर जब्त कर लिया है। चालक भी पकड़ा गया है।
बेहटा चौकी के पास मैंथाना गांव का रहने वाला योगेंद्र माहौर अपने ममेरे भाई अमन के साथ बाल कटवाने के लिए सोमवार सुबह करीब 11 बजे जा रहा था। योगेंद्र बड़े भाई की बाइक चला रहा था। पीछे अमन बैठा था। जैसे ही यह लोग बेहटा हाइवे से खुरैरी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर एचआर 38 एजे 5205 के चालक ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे। योगेंद्र और अमन के सिर में गंभीर चोट आई। इन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां योगेंद्र ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और स्वजनों के सुपुर्द कर दिया। कंटेनर चालक पर एफआइआर भी दर्ज कर ली।
शव को रख किया चक्का जाम
शव को लेकर स्वजन भिंड हाइवे पर पहुंच गए। यहां चक्काजाम कर दिया। करीब आधा घंटे तक वाहनों की आवाजाही रुकी रही, इसके चलते मालनपुर तक जाम लग गया। पुलिस ने शासन को आर्थिक मदद का प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खोला गया।
कंटेनर किया जब्त
बेहटा से खुरैरी की तरफ जाने वाले रास्ते पर हादसा हुआ। बाइक सवार सड़क पार कर रहे थे। तभी कंटेनर चालक ने टक्कर मार दी। एफआइआर दर्ज कर ली है। कंटेनर जब्त कर लिया गया है। यशवंत गोयलथाना प्रभारी, महाराजपुरा
