नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जनगणना के लिए ग्वालियर जिले में काम शुरू हो गया है। मंगलवार को बाल भवन में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान की अध्यक्षता में जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक और कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बताया गया कि नागरिक स्वयं वेब पोर्टल के माध्यम से निर्धारित 34 बिंदुओं में अपनी जानकारी भर सकेंगे।

बाद में प्रगणक घर-घर जाकर इस जानकारी का सत्यापन करेंगे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी पूर्णतः गोपनीय रहेगी और इसका उपयोग किसी भी कानूनी साक्ष्य के रूप में नहीं किया जा सकेगा।

पहला चरण एक मई से 30 मई 2026 तक चलेगा

जिले में जनगणना का कार्य दो निर्धारित चरणों में संपन्न होगा। पहला चरण एक मई से 30 मई 2026 तक चलेगा। इस दौरान मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य जनसंख्या गणना के लिए एक सटीक मास्टर फ्रेम तैयार करना है।

द्वितीय चरण फरवरी 2027 से शुरू होगा

द्वितीय चरण (फरवरी 2027) इस मुख्य चरण में वास्तविक जनसंख्या की गणना की जाएगी। जनगणना कार्य में संलग्न किए गए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के सभी चार्ज व सहचार्ज अधिकारियों (तहसीलदार व नायब तहसीलदार) को प्रशिक्षित किया गया।

कलेक्टर चौहान ने अधिकारियों से कहा कि पूरी गंभीरता व मुस्तैदी के साथ इस संवैधानिक दायित्व का निर्वहन करें।

देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी

यह देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी। इस जनगणना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि देश में पहली बार नागरिकों को स्व-गणना का अवसर दिया गया है।

छह हजार अधिकारी कर्मचारी करेंगे काम

जिले में इस संवैधानिक दायित्व को निभाने के लिए लगभग छह हजार अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसमें पांच हजार प्रगणक, 829 पर्यवेक्षक, 41 चार्ज अधिकारी और अन्य विशेषज्ञ शामिल हैं।

जिले की 10 तहसीलें, 10 नगर और 589 गांवों को इकाई मानकर गणना की जाएगी। इस कार्य के लिए प्रत्येक प्रगणक और पर्यवेक्षक को 25-25 हजार का मानदेय दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- इंदौर में जनगणना का शंखनाद… शहर और गांवों में मकानों की होगी नंबरिंग, बनाए जाएंगे ब्लॉक, नियुक्त होंगे 8000 प्रगणक

34 बिंदुओं पर लेंगे जानकारी

प्रथम चरण में मकानों की स्थिति से लेकर परिवार की सुविधाओं तक कुल 34 बिंदुओं पर डेटा जुटाया जाएगा। मकान का स्वामित्व और कमरों की संख्या। पेयजल, बिजली, शौचालय और गंदे पानी की निकासी की स्थिति। इंटरनेट, लैपटॉप, स्मार्टफोन और वाहनों की जानकारी। रसोई गैस कनेक्शन और मुख्य खाद्यान्न का विवरण।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *