मुख्यमंत्री मोहन यादव सड़क दुर्घटना में घायलों से मिलने के लिए छिंदवाड़ा जाएंगे। सीएम दोपहर में नई दिल्ली से लौटकर छिंदवाड़ा पहुंचेगे। इससे पहले देर रात प्रदेश के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। गुरुवार शाम छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 10 लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। बस में सवार लोग पाढुर्ना में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी बस और पिकअप में जोरदार टक्कर हो गई।
ये भी पढ़ें- MP News: एमपी में खत्म होगा 24 साल पुराना दो बच्चों का नियम, तीन या अधिक संतान वालों को भी मिलेगी सरकारी नौकरी
दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को तुरंत छिंदवाड़ा भेजा। मंत्री राकेश सिंह ने जिला अस्पताल में घायलों से मुलाकात की, चिकित्सकों और प्रशासन को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शुक्रवार दोपहर छिंदवाड़ा पहुंचकर घायलों से मुलाकात करेंगे और उपचार की जानकारी लेंगे। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायल मरीजों को 1-1 लाख रुपए की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। हादसे में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा मारे गए। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि दो गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: एमपी में पारा 41 डिग्री पार, अब मौसम का पलटवार, 7 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट