नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर से शिवपुरी-गुना रूट होते हुए रुठियाई तक मेमू ट्रेन चलाने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। रेलवे ने इस परियोजना के लिए लगभग सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं और रैक भी उपलब्ध हो चुका है। हालांकि, रैक को खड़ा करने के लिए पिट लाइन में जगह की कमी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।

इस समस्या के समाधान के लिए रेलवे ने यार्ड में ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन विकसित करने का प्रस्ताव भेजा है। अधिकारियों के अनुसार, इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही ट्रेन संचालन में आने वाली बाधाएं दूर हो जाएंगी। फिलहाल रेलवे के अधिकारी संचालन से जुड़ी अंतिम प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा कर रहे हैं।

यात्रियों की लंबे समय से थी मांग

ग्वालियर-रुठियाई रेलखंड पर मेमू ट्रेन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस रूट पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं, जिससे स्थानीय ट्रेनों की जरूरत लगातार महसूस की जा रही थी।

वर्तमान में इस मार्ग पर केवल लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन होता है, जिनमें उज्जैनी एक्सप्रेस, अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस, झांसी-बांद्रा एक्सप्रेस, ग्वालियर-रतलाम एक्सप्रेस, इटावा-कोटा एक्सप्रेस और भोपाल इंटरसिटी शामिल हैं। मेमू ट्रेन शुरू होने से इन ट्रेनों पर निर्भरता कम होगी और यात्रियों को किफायती व सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

टाइमिंग और स्टॉपेज पर चल रहा काम

रेलवे द्वारा मेमू ट्रेन की संभावित टाइमिंग, स्टॉपेज और संचालन से जुड़े अन्य पहलुओं पर काम किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही अंतिम मंजूरी मिलेगी, ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

ग्वालियर-बरौनी समर स्पेशल ट्रेन की तैयारी

गर्मियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए ग्वालियर से बरौनी के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने की भी तैयारी की गई है। प्रस्ताव के अनुसार, यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन रविवार और बुधवार को चलाई जा सकती है। इसका संचालन अप्रैल से शुरू होकर 30 जून तक प्रस्तावित है।

हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक समय सारणी जारी नहीं हुई है, लेकिन रेलवे स्तर पर इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस स्पेशल ट्रेन से गर्मियों में यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *