सोमवार से बुधवार तक लगभग पूरा फोर्स थानों, सड़क पर चेकिंग और पेट्रोलिंग पर रहेगा। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने एएसपी विदिता डागर, एएसपी अनु बेनीवाल के साथ ब …और पढ़ें
.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। 2 मार्च को होलिका दहन है। मंगलवार और बुधवार को धुलेंडी होगी। इसके चलते इस बार होली पर पुलिस तीन दिन हाईअलर्ट रहेगी। सोमवार से बुधवार तक लगभग पूरा फोर्स थानों, सड़क पर चेकिंग और पेट्रोलिंग पर रहेगा। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने एएसपी विदिता डागर, एएसपी अनु बेनीवाल के साथ बैठक की। फिर सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान तैयार किया। सोमवार को जहां होलिका दहन के बड़े आयोजन होंगे, वहां जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। जहां होलिका दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, वहां शाम से ही फोर्स तैनात हो जाएगी। शहर में ब्रीथ एनालाइजर से मंगलवार और बुधवार को 40 पाइंट पर चेकिंग होगी। 23 संवेदनशील इलाके हैं, जहां फिक्स पिकेट लगाये जाएंगे। फिक्स पिकेट सोमवार शाम से ही लग जाएंगे।
आयोजकों के साथ बैठक और यातायात व्यवस्था
होलिका दहन के बड़े आयोजन करीब 10 जगह होते हैं। इसमें सबसे बड़ी होली सराफा बाजार में जलती है। आयोजकों के साथ संबंधित थाना प्रभारियों ने बैठक की। शहर में कई जगह धुलेंडी के बड़े आयोजन हो रहे हैं। इसमें 12 ऐसे आयोजन हैं, जहां सैकड़ों लोग इकट्ठे होंगे। इसके चलते यहां फोर्स तैनात रहेगी। आयोजकों को पुलिस ने हिदायत दी कि सड़क पर गाड़ियां न लगवाई जाएं, जिससे यातायात बाधित न हो। साथ ही पुलिस ने निर्देश दिए हैं कि बगैर अनुमति शराब न परोसी जाए। कई रिसोर्ट, क्लब में बगैर अनुमति के ही होली पर शराब परोसी जाती है। इसके चलते इन पर कार्रवाई की जाएगी।
हुड़दंगियों पर लगाम और 100 मोबाइल वैन से पेट्रोलिंग
शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले और सड़क पर हुड़दंग करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। ब्रीथ एनालाइजर से चेकिंग होगी। जो शराब पीकर गाड़ी चलाते मिला, गाड़ी पुलिस जब्त करेगी। इनका कोर्ट चालान होगा। लाउड स्पीकर पर भी कार्रवाई की जाएगी। शहर में पेट्रोलिंग के लिए 100 मोबाइल वैन लगाई गई हैं। सोमवार शाम से ही पेट्रोलिंग शुरू हो जाएगी। बुधवार तक पेट्रोलिंग जारी रहेगी।
शहर में अगले तीन दिन तक पुलिस हाइअलर्ट रहेगी। सोमवार को होलिका दहन पर जहां बड़े आयोजन हैं, वहां ट्रैफिक प्वाइंट भी लगाए गए हैं। सोमवार से बुधवार तक अधिकांश फोर्स ड्यूटी पर ही रहेगा। – धर्मवीर सिंह, एसएसपी
यह भी पढ़ें- इंदौर के MY अस्पताल में व्यवस्थाएं राम भरोसे, स्ट्रेचर धकाने को मजबूर मरीज के स्वजन, वायरल वीडियो ने खोली पोल
