नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर में हवाई सेवाओं का विस्तार अब अटक गया है। तीन ही शहरों के लिए हवाई सेवा सिमटकर रह गई है। अब तक अहमदाबाद की हवाई सेवा का ग्वालियर में इंतजार हो रहा था उसे संचालित करने वाली कंपनी के अनुसार ग्वालियर में अहमदाबाद के लिए यात्री रिस्पांस ही नहीं है।
कंपनी अभी तक तकनीकी खामी बता रही थी लेकिन ग्वालियर एयरपोर्ट के अधिकारियों को यह जवाब मिला कि ग्वालियर में यात्री ही नहीं है।
अब एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से मौजूदा सेवा दिल्ली व मुंबई के लिए चला रही कंपनियों से गुहार की जा रही है कि वे ही अहमदाबाद सहित दूसरे शहरों के लिए हवाई सेवा को शुरू कर दें। इसके अलावा ग्वालियर की ओर से अन्य हवाई सेवा कंपनियों को भी आग्रह भेज दिया गया है कि वे ग्वालियर के रूट को अपने रूटों में शामिल करें।
ग्वालियर से अहमदाबाद, पुणे और सूरत के लिए सबसे ज्यादा मांग है। बता दें कि ग्वालियर में वर्तमान में तीन शहरों के लिए हवाई सेवा संचालित है, जिसमें दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु शामिल हैं। इन तीनों शहरों के लिए वर्तमान में यात्री रिस्पांस अच्छा मिल रहा है।
हवाई सेवाओं का विंटर शेड्यूल जारी होने के दौरान उसमें अहमदाबाद शहर को शामिल किया गया था और यह दावा किया गया था कि जल्द अहमदाबाद के लिए सेवा शुरू हो जाएगी। इसका संचालन पहले ग्वालियर में अकासा एयरलाइंस की ओर से किया जाता था लेकिन कुछ समय बाद कंपनी की ओर से रिस्पांस आना भी बंद हो गया। अब कंपनी की ओर से कम यात्री होने का तर्क दिया जा रहा है।
ऐसी हालत क्यों?
बड़े स्तर पर नहीं हो रहे प्रयास: ग्वालियर में नया एयर टर्मिनल तो बनकर तैयार है लेकिन इल टर्मिनल के शुरू होने के बाद कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए हैं। ऐसा लगता है जैसे ग्वालियर के जनप्रतिनिधियों ने हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में ध्यान देना ही मानो बंद कर दिया है।
यही कारण है कि ग्वालियर से फ्लाइटें सिमटकर केवल तीन ही रह गई हैं। हालांकि अगर हवाई सेवाओं के लिए माननीयों की ओर से केंद्रीय स्तर पर प्रयास किए जाएं तो शायद इन सेवाओं को रफ्तार मिल सकती है।
ग्वालियर से वर्तमान में तीन शहरों के लिए हवाई सेवा हैं। अहमदाबाद के लिए अभी सेवा शुरू नहीं हुई है। पूर्व में यह सेवा संचालित करने वाली कंपनी से आग्रह किया गया है कि सेवा शुरू करे। इसके साथ ही अन्य कंपनियों को भी प्रस्ताव भेजे गए हैं। -लोकेश कुमार यादव, डायरेक्टर, एयरपोर्ट,ग्वालियर।
इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस को भेजा आग्रह ग्वालियर एयरपोर्ट के अधिकारियों की ओर से अब वर्तमान कंपनियां जो ग्वालियर में सेवाएं दे रही हैं उनको आग्रह भेजा गया है। इन कंपनियों से कहा गया है कि ग्वालियर से अन्य शहरों के लिए भी हवाई सेवा शुरू की जाए क्योंकि ग्वालियर में हवाई सेवा लेने वाले यात्रियों की कमी नहीं है।
ग्वालियर में प्रदेश के अन्य बड़े शहरों की तुलना में सबसे कम हवाई सेवाएं हैं, जबकि यहां 500 करोड़ रुपये की लागत से नया एयर टर्मिनल बना है।
