गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी, लेकिन घटना से राहगीरों और स्थानीय लोगों की जान खतरे में पड़ गई। …और पढ़ें

HighLights
- गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में आदर्श कालोनी में हुई घटना
- इलाके में अचानक गोलीबारी से मची अफरा-तफरी
- पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में हॉर्न बजाने की बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। आरोपी फायरिंग करने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आदर्श नगर निवासी आकाश घुरैया (22 वर्ष) रविवार शाम अपने दोस्तों अर्जुन गुर्जर, गौरव और सतीश के साथ स्कार्पियो वाहन से पिंटो पार्क की ओर जा रहा था। जब उनकी गाड़ी धर्मेंद्र उर्फ बंटू गुर्जर के घर के सामने पहुंची, तब वह सड़क पर खड़ा था और रास्ता अवरुद्ध हो रहा था। रास्ता साफ कराने के लिए आकाश ने वाहन का हॉर्न बजा दिया।
हॉर्न बजते ही धर्मेन्द्र उर्फ बंटू नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि विवाद के दौरान धर्मेंद्र अपने घर से पिस्टल लेकर आया और आकाश तथा उसके साथियों को डराने के लिए फायर कर दिया। अचानक हुई गोलीबारी से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी, लेकिन घटना से राहगीरों और स्थानीय लोगों की जान खतरे में पड़ गई। फायरिंग के बाद आरोपित ने आकाश और उसके साथियों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
