नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के झांसी रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत नाका चंद्रवदनी में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक की हत्या उसके पिता और भाई ने मिलकर कर दी। बेटे की शराब की लत और रोज के विवाद से तंग आकर पिता ने यह खौफनाक कदम उठाया।

हत्या के बाद मामले को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और पिता व भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

आत्महत्या बताकर छिपाया गया था सच

नाका चंद्रवदनी निवासी राजू यादव के दो बेटे थे, रिंकू यादव और गौरव यादव। रिंकू शादीशुदा था और शराब पीने का आदी था। चार मार्च को परिवार ने पुलिस को सूचना दी कि रिंकू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज

करीब एक महीने बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि रिंकू की मौत फांसी से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई थी। इस जानकारी के बाद थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और परिवार के सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

पूछताछ में टूटा परिवार, कबूल किया जुर्म

शुरुआत में परिवार के लोग पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन देर रात पूछताछ के दौरान पिता राजू यादव टूट गया और हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि छोटे बेटे गौरव ने रिंकू के हाथ पकड़े थे और उसने खुद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

रातभर लाश के पास बैठा रहा पिता

राजू ने बताया कि घटना के बाद वह पूरी रात बेटे के शव के पास बैठकर रोता रहा और सुबह पुलिस को आत्महत्या की सूचना दे दी।

शराब की लत बनी हत्या की वजह

पिता के अनुसार, रिंकू शराब पीकर रोज घर में मारपीट करता था। घटना वाली रात भी उसने परिवार के सभी सदस्यों को पीटा। उसे समझाकर सुला दिया गया, लेकिन कुछ देर बाद वह फिर उठकर नशे में हंगामा करने लगा, जिसके बाद गुस्से में आकर पिता ने यह कदम उठा लिया।

यह भी पढ़ें- भोपाल में गहराया गैस संकट, सर्वर के साथ ई-केवाईसी बनी आपूर्ति में बाधा, कतार में 25 हजार उपभोक्ता



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *