ग्वालियर के गोला का मंदिर चौराहे के पास शराब दुकान में आरोपियों ने 100 रुपये के डिस्काउंट के लिए एक दूसरे शराब ठेकेदार से भी फोन पर सेल्समैन की बात कर …और पढ़ें

HighLights
- 100 रुपये कम नहीं करने पर भड़क गए थे आरोपी
- रात 11:30 बजे दुकान बंद करते समय की फायरिंग
- फायरिंग में एक गोली सेल्समैन के कंधे में लग गई
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। गोला का मंदिर चौराहा स्थित शराब की दुकान पर काम करने वाले सेल्समैन को बाइक पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने महज 100 रुपये के लिए गोली मार दी। बदमाश 1200 रुपये की बोतल 1100 रुपये में मांग रहे थे। सेल्समैन ने मना किया तो गोली मार दी। एक के बाद एक चार गोलियां चलाई, जिसमें से एक गोली सेल्समैन के कंधे में लग गई।
पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपित अभी फरार है। जिसकी तलाश चल रही है। हजीरा के चार शहर का नाका का रहने वाला प्रशांत शिवहरे गोला का मंदिर स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर काम करता है। रात करीब 9:30 बजे उसकी दुकान पर चार युवक पहुंचे। इन युवकों ने शराब की बोतल मांगी। शराब की बोतल 1200 रुपये की थी, इस बोतल को 1100 रुपये में देने के लिए कहा।
दुकान बंद कर था, तभी चार राउंड फायर कर दिए
सेल्समैन ने इनकार कर दिया। उस समय यह चारों लौट गए। रात करीब 11:30 बजे लौटकर आए। सेल्समैन दुकान बंद कर रहा था, तभी इन युवकों ने एक के बाद एक पिस्टल से चार राउंड फायर कर दिए। एक गोली प्रशांत के कंधे में लग गई, जिससे वह गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश भाग गए। साथी कर्मचारी उसे अस्पताल ले गए। इस मामले में एसएसपी धर्मवीर सिंह ने टीआइ गोला का मंदिर धर्मेंद्र यादव और उनकी टीम को पड़ताल में लगाया।
पुलिस ने सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान की
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपियों की पहचान कर ली। इसके बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों के नाम लवकुश पुत्र किशोरी पाठक निवासी गायत्री विहार कॉलोनी, गोला का मंदिर, राज पुत्र कमल कुशवाह निवासी पिंटो पार्क, जड़ेरुआ, गोला का मंदिर और राकेश पुत्र फूल सिंह कुशवाह निवासी जड़ेरुआ बांध के पास, गोला का मंदिर है। इनका चौथा साथी फरार है।
100 रुपये का डिस्काउंट, ठेकेदार से भी बात कराई
आरोपियों ने 100 रुपये के डिस्काउंट के लिए एक दूसरे शराब ठेकेदार से भी फोन पर सेल्समैन की बात कराई थी। इस पर सेल्समैन बोला कि यहां किसी का फोन नहीं चलता। इसी बात पर यह लोग गुस्से में आए। पहले शराब पी, फिर यहीं दो घंटे बाद लौटकर गोली चला दी।
