नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर के थाटीपुर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मुंहवाद के बाद मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई है। आरोप है कि बीएसएफ के एक जवान ने लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाई, जो पड़ोसी युवक के हाथ में लग गई। घटना के बाद इलाके में हंगामा मच गया। पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में लिया है।

घायल युवक के स्वजनों का आरोप है कि गुरुवार रात भी आरोपित ने गोली मारने की धमकी दी थी। उस समय थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पड़ोसी विवाद के बाद चली गोली

थाटीपुर निवासी दीपा दादौरिया के अनुसार उनका भाई नरेंद्र सिंह दादौरिया घर के बाहर खड़ा था। पड़ोस में रहने वाला सोबरन सिंह, जो बीएसएफ में पदस्थ है, अपने बेटों राहुल खटीक और अभिषेक खटीक के साथ किराने की दुकान चलाता है। परिवार का आरोप है कि ये लोग अक्सर झगड़ा करते हैं और लाइसेंसी बंदूक तथा कट्टे निकालकर धमकी देते हैं।

गुरुवार रात घर के बाहर खड़े होने को लेकर विवाद हुआ था और उस दौरान गोली मारने की धमकी भी दी गई थी। इसकी शिकायत थाने में की गई थी।

लाइसेंसी बंदूक और कट्टों से फायरिंग

परिजनों का कहना है कि शुक्रवार को जब नरेंद्र घर के बाहर खड़ा था, तभी सोबरन सिंह, उसके बेटे राहुल और अभिषेक अपने दोस्तों सक्षम और सोहेल के साथ वहां पहुंचे। विवाद बढ़ने पर आरोपित लाइसेंसी बंदूक और कट्टे लेकर आए और फायरिंग कर दी।

फायरिंग के दौरान एक गोली नरेंद्र के हाथ में लग गई। इसके बाद भी आरोपित गोलियां चलाते रहे और घटना के बाद मौके से फरार हो गए। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वीडियो हुआ वायरल

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरी वारदात को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। फायरिंग की यह घटना इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है और अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *