नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। थाटीपुर क्षेत्र में रहने वाले एक व्यापारी से 36.66 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले वाट्सएप ग्रुप में जोड़कर निवेश का झांसा दिया और फिर एक एप के जरिए रकम जमा करवाई। जब व्यापारी ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो ठगी का खुलासा हुआ।

कॉल कर ग्रुप में जोड़ा, एप से कराया निवेश

सत्यदेव नगर निवासी हर्ष शर्मा को अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को “नुवामा वीआईपी परामर्श क्लब” से जुड़ा बताया और उन्हें एक वाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। ग्रुप में निवेश के लिए एक एप की लिंक साझा की गई, जिसे डाउनलोड कर हर्ष ने निवेश शुरू किया।

डमी वॉलेट में दिखाया मुनाफा

आरोपियों ने अलग-अलग किश्तों में कुल 36.66 लाख रुपये जमा करा लिए। एप में यह राशि बढ़कर दोगुनी दिखाई दे रही थी, जिससे व्यापारी को भरोसा हो गया। जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की, तो बार-बार एरर आने लगा। बाद में पता चला कि यह डमी पे-वॉलेट था और उनके साथ ठगी हो चुकी है।

850% मुनाफे का लालच बना जाल

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने 850 प्रतिशत मुनाफे का लालच दिया था। शुरुआत में थोड़ी रकम पर तुरंत मुनाफा दिखाया गया, जिससे वह और ज्यादा निवेश करते गए।

एफआईआर दर्ज, जांच शुरू

मामले की शिकायत के बाद थाटीपुर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- MP गेस्ट टीचर का बड़ा एलान, वादे पूरे न होने पर 30 मार्च को भोपाल में करेंगे बड़ा आंदोलन, परमानेंट करने की मांग पर अड़े



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *