वीडियो में नजर आ रहा है कि उसे किस तरह प्रताड़ित किया गया। उसे मरणासन हाल में पहुंचने तक पीटा गया। वह रोता रहा, गिड़गिड़ाता रहा लेकिन मारपीट कर रहे है …और पढ़ें

HighLights
- घासमंडी की वारदात, वीडियो आया सामने, तीन आरोपित गिरफ्तार
- पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर तीनों आरोपितों को रात गिरफ्तार किया।
- बुधवार को पोस्टमार्टम होने के बाद स्वजन शव लेकर सीधे थाने पहुंच गए।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। उपनगर ग्वालियर के घासमंडी क्षेत्र में 28 वर्षीय नरेंद्र बाथम को उसके चचेरे भाइयों ने जंजीर से हाथ-पैर बांधकर आधा घंटे तक बेरहमी से पीटा। फिर उसे मरणासन हाल में छोड़कर भाग गए। घर पहुंचते ही युवक ने दम तोड़ दिया। इस घटना का वीडियो अब सामने आया है। वीडियो रौंगटे खड़े कर देने वाला है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उधर इस घटना से गुस्साए स्वजन ने थाने के बाहर सड़क पर शव रखकर जाम भी लगाया।
दरअसल, मंगलवार सुबह रुपये और मोबाइल को लेकर हुए विवाद के चलते नरेंद्र बाथम अपने ताऊ के घर गया था। पहले से भी इनके बीच विवाद चल रहा था। नरेंद्र ने जैसे ही रुपये मांगे तो उसके ताऊ के बेटे जगदीश बाथम, राजेश बाथम और बल्लू बाथम ने मारपीट शुरू कर दी। नरेंद्र ने दौड़ लगाई तो उसके पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथ-पैर जंजीर से बांध दिए। उसे यातना दी, बेरहमी से मारपीट करते रहे।
वीडियो में नजर आ रहा है कि उसे किस तरह प्रताड़ित किया गया। उसे मरणासन हाल में पहुंचने तक पीटा गया। वह रोता रहा, गिड़गिड़ाता रहा लेकिन मारपीट कर रहे हैवानों को उस पर रहम नहीं आया। जब उसे छोड़ा गया तो वो घर पहुंचा। यहां उसकी तबीयत बिगड़ी और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने इस मामले में हत्या की एफआइआर दर्ज कर तीनों आरोपितों को देर रात गिरफ्तार किया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होने के बाद स्वजन शव लेकर सीधे थाने पहुंच गए। थाने के बाहर शव रखकर जाम भी लगा दिया। इन्हें एफआइआर की कापी नहीं मिली थी।
पुलिस अधिकारियों ने समझाया और बताया कि आरोपित भी पकड़ लिए गए हैं। फिर शव लेकर रवाना हुए। इन लोगों का कहना है कि और भी आरोपित इसमें शामिल हैं। पुलिस ने स्वजन से कहा कि वह बयान दे दें, जो भी इस वारदात में शामिल होंगे। सभी को नामजद किया जाएगा।
युवक की मारपीट के बाद मौत हो गई। इस मामले में हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपितों को पकड़ लिया गया है।
प्रशांत शर्मा, थाना प्रभारी, ग्वालियर।
