ग्वालियर के हस्तिनापुर क्षेत्र में एक शराबी युवक ने फर्जी कॉल कर डायल-112 को गांव बुलाया। …और पढ़ें

HighLights
- फर्जी मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस
- नशे में धुत युवक ने रची साजिश
- सिपाही अनिल कुशवाह पर डाला पेट्रोल
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर जिले के हस्तिनापुर थाना अंतर्गत फदलपुर गांव में एक युवक द्वारा पुलिसकर्मी को जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी कॉल किया और फिर मौके पर पहुंचे सिपाही पर हमला कर दिया।
झूठी सूचना देकर बुलाई डायल-112
पुलिस के अनुसार, फदलपुर निवासी मनोज कुशवाह ने डायल-112 पर सूचना दी कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही एफआरवी (First Response Vehicle) महज 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई। उस समय वाहन में सिपाही अनिल कुशवाह अपनी टीम के साथ तैनात थे।
पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास
जब पुलिस गांव पहुंची, तो वहां मारपीट जैसी कोई स्थिति नहीं थी। ग्रामीणों ने बताया कि मनोज शराब का आदी है और अक्सर झूठी सूचनाएं देता है। इसी बीच, नशे में धुत मनोज ने अचानक जेब से पेट्रोल निकालकर सिपाही अनिल कुशवाह पर उड़ेल दिया। इससे पहले कि वह माचिस जलाकर कोई बड़ी अनहोनी कर पाता, वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने उसे तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में व्यवस्था में जहर घोल रही अमृत योजना में लापरवाही, सड़क धंसकने के बाद घंटों लग रहा जाम
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम आरोपी मनोज को पकड़कर थाने ले आई है। नशे की हालत में किए गए इस जानलेवा कृत्य को लेकर पुलिस उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर रही है। गनीमत रही कि समय रहते आरोपी को रोक लिया गया, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।
