ग्वालियर नगर निगम अब अवैध कॉलोनाइजर्स के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर रहा है। प्रथम चरण में 58 अवैध कॉलोनियों को चिह्नित किया गया है, जहां नगर पालिक निग …और पढ़ें

HighLights
- निगम ने स्पष्ट किया है कि नागरिक केवल इन्हीं अधिकृत कॉलोनियों में भूमि या भवन का सौदा करें
- परेशानियों से बचने के लिए निवेश से पहले निगम की वेबसाइट पर कॉलोनी की स्थिति जरूर जांचें
- वैध कॉलोनी में निवेश करने पर भवन अनुमति और बैंक ऋण जैसी सुविधाएं आसानी से मिलती हैं
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर शहर में अपना आशियाना बनाने का सपना देख रहे नागरिकों के लिए नगर निगम ने महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देश पर शहर की सभी 297 वैध कॉलोनियों की सूची आधिकारिक वेबसाइट gwaliormunicipalcorporation.org/legal-colonies पर अपलोड कर दी गई है। निगम ने स्पष्ट किया है कि नागरिक केवल इन्हीं अधिकृत कॉलोनियों में भूमि या भवन का सौदा करें। धोखाधड़ी और भविष्य की कानूनी परेशानियों से बचने के लिए निवेश से पहले निगम की वेबसाइट पर कॉलोनी की स्थिति जरूर जांचें।
वेबसाइट पर देखें पूरी सूची
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के मार्गदर्शन में भवन शाखा ने सूची को निगम की वेबसाइट पर सार्वजनिक कर दिया है। सिटी प्लानर महेन्द्र अग्रवाल के अनुसार, वैध कॉलोनी में निवेश करने पर भवन अनुमति और बैंक ऋण जैसी सुविधाएं आसानी से मिलती हैं, जो अवैध कॉलोनियों में संभव नहीं हैं।
अवैध कॉलोनियों पर स्ट्राइक की तैयारी
नगर निगम अब अवैध कॉलोनाइजर्स के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर रहा है। प्रथम चरण में 58 अवैध कॉलोनियों को चिह्नित किया गया है, जहां नगर पालिक निगम विधान की धारा 292(ग) के तहत कार्रवाई की जाएगी।
क्या होगा एक्शन
इन कॉलोनियों में अवैध रूप से डाली गई सड़क, सीवर लाइन और बिजली के खंभों को उखाड़ने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। संबंधित कॉलोनाइजर्स को सूचना पत्र जारी कर दिए गए हैं।
