ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र के जनकपुरी में जमीन से कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। …और पढ़ें

HighLights
- महिलाओं ने पथराव कर बुलडोजर के कांच तोड़े
- पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी झड़प
- बेदखली आदेश के बावजूद कार्रवाई अधूरी रह गई
नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर: जनकगंज थाना इलाके में आने वाले गिरवाई के पास जनकपुरी में सवा बीघा जमीन से कब्जा हटाकर दूसरे पक्ष को दिलाने को लेकर सोमवार को बवाल हो गया। जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भारी फोर्स के साथ यहां पहुंचे थे और बातचीत के दौरान मामला बिगड़ गया। बलप्रयोग के कारण लोग भड़क गए और महिलाओं ने पथराव शुरू कर दिया। बुलडोजर के कांच फोड़ दिये गए।
मौके पर एसडीएम नरेंद्रबाबू यादव, तहसीलदार महेश कुशवाह,रमाशंकर सिंह, TI जनकगंज अतुल सोलंकी सहित अन्य मौजूद थे लेकिन कानून व्यवस्था नियंत्रण से बाहर हो गई। लोगों के साथ टकराव शुरू हो गया और पुलिस भी महिला व पुरूषों के साथ मारपीट पर उतारू हो गई। आखिरकार प्रशासन व पुलिस को बैरंग बिना कार्रवाई के लौटना पड़ा। कुछ लोगाें के चोटिल होने की भी जानकारी है। मौके पर इतनी अफरा तफरी मच गई कि अफसरों व फोर्स को भागना पड़ा।
तहसीलदार ने जारी किया था बेदखली का आदेश
आवदेक कमल किशोर शिवहरे पुत्र उत्पत राय शिवहरे निवासी माधव डिस्पेंसरी के सामने की ग्राम कोटा लश्कर 1075/1/1, 1075/2, 1076, 1077/1, 1077/2/2, 1078, 1081/1/1 कुल किता 7 कुल रकवा 2.740 हैक्टेयर भूमि पर कब्जे का मामला है, इसको लेकर तहसीलदार महेश कुशवाह ने बेदखली आदेश जारी किया।
आदेश दिनांक 03.01.2024 से अनावेदकगण दिनेश, दिलीप, पुत्रगण गंगासेवक कुशवाह, अशोक पुत्र बल्लू कुशवाह समस्त निवासीगण जनकपुरी गेट के पास लश्कर जिला ग्वालियर के विरूद्ध 10-10 हजार रूपय का अर्थदंड आरोपित करते हुए बेदखली आदेश पारित किया गया। उच्च न्यायालय की ओर से भी निर्देश जारी किए गए। बेदखली के लिए टीम गठित की गई।
पुलिस लाठी व थप्पड़ मार रही, वीडियो वायरल
मौके पर हंगामे के दौरान पुलिस व लोगों का टकराव दिख रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी महिला व अन्य को लाठी मारते दिख रहे हैं, एक पुलिसकर्मी ने महिला को थप्पड़ मारा। एसडीएम यादव व तहसीलदार कुशवाह के सामने लोग भड़क रहे हैं और एकजुट होकर सड़क की ओर जाते दिख रहे हैं।
मौके पर कुछ पुलिसकर्मी अपनी जगह पर ही खड़े हैं। एक महिला अपनी बेटी के साथ मारपीट की बात बताती भी दिख रही है। मौके पर दो दुकानें और कुछ खुली भूमि है जिसपर से कब्जा हटवाना था।
एक पक्ष के कब्जे को हटवाने के लिए प्रशासन व पुलिस मौके पर पहुंचे थे लेकिन वहां लोगों ने हंगामा कर दिया। अब कुछ दिन बाद कार्रवाई की जाएगी। कोर्ट का भी इस मामले में आदेश है।
-नरेंद्रबाबू यादव, एसडीएम, लश्कर
कब्जा हटाने के लिए टीम पहुंची थी, लेकिन महिलाओं ने पथराव कर दिया। बुलडोजर के कांच फोड़ दिये। कार्रवाई नहीं पूरी हो सकी।
-सुखलाल इंटारिया, पटवारी
