ग्वालियर के कुलैथ गांव में किसान सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पट्टे की जमीन की रजिस्ट्री किसानों के नाम करने की घोषणा की। सरकार इस पर …और पढ़ें

HighLights
- रजिस्ट्री खर्च सरकार करेगी, 3500 करोड़ प्रावधान
- बैलगाड़ी दौड़ किसानों को नगद प्रोत्साहन राशि
- कन्हैया गायन टीमों को पांच हजार सम्मान राशि
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। कुलैथ गांव में आयोजित किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पट्टाधारी किसानों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास पट्टे की जमीन है, उसकी रजिस्ट्री अब उनके नाम की जाएगी, जिससे वे उस जमीन पर लोन ले सकेंगे। रजिस्ट्री का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी, जिस पर लगभग 3500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कार्यक्रम में 87 करोड़ 21 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी हुआ।
किसानों के नाम होगी जमीन की रजिस्ट्री
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कुलैथ गांव में आयोजित किसान सम्मेलन में कहा कि प्रदेश सरकार पट्टे वाली जमीन की रजिस्ट्री किसान के नाम करने जा रही है। इससे किसानों को अपनी जमीन पर बैंक से लोन लेने में सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्री पर होने वाला पूरा खर्च सरकार वहन करेगी और इस योजना पर करीब 3500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विकास कार्यों का भूमिपूजन
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने 87 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक मोहन सिंह राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कुलैथ के लोगों द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र को भी स्वीकार करते हुए सभी कार्यों को पूरा कराने की घोषणा की।
प्रोत्साहन राशि की घोषणाएं
कार्यक्रम स्थल पर कन्हैया गायन करने वाली प्रत्येक टीम को पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा की गई। साथ ही बैलगाड़ी दौड़ में शामिल प्रत्येक किसान को भी पांच-पांच हजार रुपये दिए जाने की बात कही गई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले किसान को 21 हजार रुपये और द्वितीय स्थान पर रहने वाले किसान को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की गई।
कुलैथ में ये की मुख्यमंत्री ने घोषणाएं
– महेश्वरा खदान को चालू करने के लिए भारत सरकार से अनुमति दिलाने का प्रयास करेंगे।
– डांडेवाले बाबा मंदिर तक सड़क को बनाया जाएगा व ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।
– जगन्नाथ भगवान मंदिर पर आने वाले यात्रियों के रुकने के लिए भवन बनाया जाएगा और सड़क भी बनाई जाएगी।
– गांव में खेल का मैदान भी बनाया जाएगा।
– गांव के आसपास के क्षेत्र में उद्योग भी लगाए जाएंगे।
