मध्यप्रदेश कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों के बीच अब संगठन की आवाज को मजबूत करने के लिए नया प्रयोग शुरू किया है। पार्टी ने टैलेंट हंट के जरिए नए प्रवक्ता, रिसर्च कोऑर्डिनेटर और मीडिया कोऑर्डिनेटर चुनने की प्रक्रिया शुरू की है, जिसमें युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है। टैलेंट हंट में शामिल उम्मीदवारों से कांग्रेस की विचारधारा को लेकर सवाल किए जा रहे हैं। इंटरव्यू में यह भी पूछा जा रहा है कि वे राहुल गांधी के फैसलों और उनके उठाए गए मुद्दों से कितने सहमत हैं।प्रतिभागियों से यह भी जानने की कोशिश की जा रही है कि अगर वे टीवी डिबेट में पार्टी का पक्ष रखें, तो किस तरह अपनी बात रखेंगे ताकि कांग्रेस का पक्ष कमजोर न पड़े।

युवाओं के साथ पॉलिटिकल बैकग्राउंड भी मौजूद

इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में नए और नॉन-पॉलिटिकल बैकग्राउंड से आए युवा हिस्सा ले रहे हैं। वहीं, कई पूर्व मंत्री और विधायकों के बेटे भी प्रवक्ता बनने के लिए इंटरव्यू दे रहे हैं। करीब 50 प्रतिशत ऐसे उम्मीदवार बताए जा रहे हैं, जिनका सीधा राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं है। प्रदेशभर से करीब 800 युवाओं ने आवेदन किया है। इनमें से अंतिम रूप से 20 प्रवक्ताओं का चयन किया जाना है। इंदौर पर छोड़कर सभी संभागों में पहले चरण के इंटरव्यू पूरे हो चुके हैं।

संगठन को नई टीम देने की तैयारी

इस पहल का उद्देश्य ऐसे युवाओं को सामने लाना है, जो पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकें। कांग्रेस संगठन भविष्य के लिए मजबूत और प्रशिक्षित प्रवक्ताओं की टीम तैयार करना चाहती है। आमतौर पर टैलेंट हंट मनोरंजन क्षेत्र में देखे जाते हैं, लेकिन किसी राजनीतिक दल द्वारा इस तरह का अभियान चलाना अलग पहल माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें-कांग्रेस देगी 50-50 हजार, सिंघार बोले EMI मॉडल पर चल रहा MP, हादसों में नहीं एक जैसी नीति

पुराने प्रवक्ताओं पर सस्पेंस

फिलहाल कांग्रेस के मौजूदा प्रवक्ताओं का इंटरव्यू नहीं लिया जा रहा है और उन्हें कुछ समय के लिए राहत दी गई है।सूत्रों के अनुसार, जब पुराने प्रवक्ताओं से भी इंटरव्यू देने की बात सामने आई तो अंदरखाने असहमति की स्थिति बनी, हालांकि कोई खुलकर सामने नहीं आया। इसी को देखते हुए अभी उनका इंटरव्यू टाल दिया गया है। अब यह देखना होगा कि आगे चलकर उनका इंटरव्यू लिया जाएगा या उन्हें सीधे प्रवक्ता के तौर पर जारी रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें-8 कलेक्टर और 7 एसपी नपे, लापरवाह अफसर रहे सीएम के सबसे ज्यादा निशाने पर

भोपाल में साक्षात्कार का आयोजन

भोपाल में आयोजित इंटरव्यू में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उम्मीदवारों ने अपनी समझ, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों का इंटरव्यू राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल यादव, वरिष्ठ पत्रकार सूचंदना गुप्ता और साहित्यकार विजय बहादुर सिंह द्वारा लिया जा रहा है। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed