केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अपना जन्मदिन ‘प्रेम और सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया। इस अवसर पर उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए निशुल्क मामा कोचिंग क्लासेस शुरू करने समेत पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा से जुड़े कई बड़े संकल्प लिए। राजधानी भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में परिवार के साथ पौधरोपण कर शिवराज ने लोगों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। साथ ही अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा में युवाओं, छात्रों, ग्रामीणों और दिव्यांगजनों के लिए कई नई पहल शुरू करने की घोषणा की। शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन पर लोगों से अपील की कि वे फूल-मालाओं और होर्डिंग्स की जगह पौधे लगाकर प्रकृति की सेवा करें। उन्होंने ‘उपहार नहीं, उपकार’ का संदेश देते हुए हर व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया। उनके इस आह्वान पर हजारों लोगों ने देश के अलग-अलग हिस्सों में पौधे लगाए और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

ये भी पढ़ें-  Bhopal news: एम्स में महिला डॉक्टर की मौत पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सख्त, 15 दिन में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित कई केंद्रीय नेताओं ने उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। पेड़ हमें ऑक्सीजन देते हैं और धरती पर जीवन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि पेड़ न केवल मनुष्यों बल्कि पक्षियों और अन्य जीवों के लिए भी सहारा होते हैं। पेड़ वर्षा को आकर्षित करते हैं, मिट्टी के कटाव को रोकते हैं और पर्यावरण को संतुलित रखने में मदद करते हैं।

ये भी पढ़ें- MP Weather Today: मार्च की शुरुआत में ही तपने लगा मध्यप्रदेश, होली पर 37 डिग्री के पार पहुंचा प्रदेश का पारा

उन्होंने विदिशा में एक कार्यक्रम में अपने माता-पिता की स्मृति में “प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान” शुरू करने की घोषणा भी की। इस योजना के तहत विदिशा लोकसभा क्षेत्र की आठों विधानसभा क्षेत्रों में 10 वीं और 12 वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। टॉप करने वाले छात्रों को 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी, ताकि उन्हें आगे पढ़ने और बेहतर करने की प्रेरणा मिल सके। युवाओं के लिए उन्होंने “मामा कोचिंग क्लासेस” शुरू करने का भी ऐलान किया। इन कोचिंग क्लासेस में आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को बैंकिंग, एसएससी, एमपीपीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी कराई जाएगी। इसकी शुरुआत विदिशा, रायसेन और भैरूंदा से की जा रही है। यहां छात्रों को अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और जरूरी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें- MP News: वन विभाग से मंजूरी में देरी बनी रोड में रोड़ा, 48 सड़क परियोजनाएं 117 से 1838 दिन तक लटकी रहीं

ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए “मामा चलित अस्पताल” भी शुरू किया जाएगा। यह अस्पताल विशेष वाहनों के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को मुफ्त इलाज और डॉक्टरों की सलाह उपलब्ध कराएंगे। इसका संचालन सांसद निधि और जनसहयोग से किया जाएगा। इसके अलावा दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल देने का अभियान भी शुरू किया गया है। इससे दिव्यांगजन आसानी से आवागमन कर सकेंगे और अपने काम स्वयं कर पाएंगे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारा और परिवार की एकता बनाए रखना बहुत जरूरी है। उन्होंने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करने की अपील भी की। उनका कहना था कि यदि हम सब मिलकर इन संकल्पों को पूरा करने का प्रयास करें, तो समाज अधिक सुखी और समृद्ध बन सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *