रायसेन जिले के सलामतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोहा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। घरेलू विवाद में एक देवर ने अपनी ही भाभी की डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका घर पर खाना बना रही थी, तभी उसका देवर रामू मालवीय वहां पहुंचा और उसने भाभी से चाय बनाने के लिए कहा। किसी कारणवश भाभी ने चाय बनाने से इनकार कर दिया, जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आपा खो दिया और पास में रखे डंडे से भाभी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

ये भी पढ़ें- इंदौर अग्निकांड: पहले कार में, फिर बिजली पोल से होते हुए दूसरी मंजिल तक पहुंची थी आग; किसकी है लापरवाही?

बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में मृतका का 8 वर्षीय बेटा भी मौजूद था, जिसने अपनी मां पर हो रहे इस हमले को अपनी आंखों के सामने देखा। आरोपी ने बच्चे की मौजूदगी में ही महिला को तब तक पीटा जब तक उसकी मौके पर ही मौत नहीं हो गई। घटना के समय मृतका का पति और अन्य परिजन खेत पर काम करने गए हुए थे। जब उन्हें इस घटना की जानकारी मिली तो वे तत्काल घर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही सलामतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे सांची सिविल अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी रामू मालवीय को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। प्राथमिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद का बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी ने बताया रामू मालवीय ने घर पर रोटी बना रही अपनी भाभी से चाय और खाना मांगा। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया और रामू ने डंडे से पीट-पीट कर अपनी भाभी की हत्या कर दी। पुलिस ने रामू को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।  

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *