ग्वालियर के मोहना में मोबाइल पर इंस्टाग्राम रील देखने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने दोस्त की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। …और पढ़ें

HighLights
- मोबाइल छीनने पर गुस्से में किया डंडे से हमला
- पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर हिरासत में लिया
- रील का बढ़ता क्रेज बना समाज के लिए चेतावनी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: मोबाइल पर रील देखने का बढ़ता क्रेज अब खतरनाक रूप लेने लगा है। ग्वालियर के मोहना क्षेत्र में रील देखने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना इलाके में सनसनी का कारण बन गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, हालांकि अभी उसकी औपचारिक गिरफ्तारी नहीं दिखाई गई है।
साथ काम करने आए थे दोनों दोस्त
जानकारी के अनुसार मुरैना में एसएएफ की पांचवीं बटालियन के पास रहने वाले ऋषिकेष सिकरवार (30) अपने दोस्त दीपक शाक्य (40) के साथ रविवार सुबह ट्रेन से ग्वालियर आए थे। दोनों को मोहना स्थित एक ढाबे में काम मिल गया था। दिनभर काम करने के बाद शाम को दोनों ने साथ बैठकर खाना खाया और शराब पी।
मोबाइल रील को लेकर शुरू हुआ विवाद
रात में दोनों मोहना बायपास पर बैठे थे। इसी दौरान दीपक अपने मोबाइल पर इंस्टाग्राम की रील देख रहा था। ऋषिकेष ने उसका मोबाइल छीन लिया और कहा कि आपस में बातचीत करो, मोबाइल मत देखो। इसके बाद उसने मोबाइल अपनी जेब में रख लिया। इसी बात पर दीपक गुस्से में आ गया।
डंडे से लगातार हमला, मौके पर मौत
गुस्से में दीपक ने पास में रखा डंडा उठाया और ऋषिकेष पर हमला कर दिया। उसने लगातार डंडे से वार किए, जिससे ऋषिकेष गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं माना। लगातार हमले के कारण ऋषिकेष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही मोहना थाना प्रभारी रशीद खान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर रात में आरोपी दीपक को हिरासत में ले लिया, हालांकि उसकी गिरफ्तारी अभी दर्ज नहीं की गई है।
परिवार को भेजा था काम पर, पहुंची मौत की खबर
बताया जा रहा है कि ऋषिकेष और दीपक बेहद करीबी दोस्त थे। ऋषिकेष के माता-पिता ने उसे काम करने के लिए भेजा था, लेकिन देर रात उनके घर बेटे की मौत की खबर पहुंची।
समाज के लिए चेतावनी
यह घटना समाज के लिए एक बड़ी चेतावनी मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि मोबाइल रील का अत्यधिक उपयोग युवाओं में तत्काल संतुष्टि की प्रवृत्ति बढ़ा रहा है, जो कई बार आक्रामक व्यवहार और हिंसा का कारण बन सकता है।
